मेरठ बार एसोशिएशन, मेरठ
सिविल कोर्ट कम्पाउण्ड, मेरठ।
आभार
महोदय/महोदया मेरठ बार एसोसिएशन, मेरठ द्वारा सदस्यों की नवीन फोटोयुक्त विवरण के साथ दूरभाष निर्देशिका का तेहरवां संस्करण प्रकाशित किया जा रहा है। आज के संचार क्रान्ति युग में आधुनिक संचार माध्यम के उपयोग से सभी सदस्यगण के मध्य आपस में आपसी सम्पर्क बढ़ेगा, जिससे संवाद सरल होगा एवं आपसी सम्बन्धों में मधुरता बढ़ेगी और एसोसिएशन को भी मजबूती मिलेगी। दूरभाष निर्देशिका के फोटोयुक्त होने के कारण अधिवक्तागण की पहचान करना भी सरल होगा जिससे उक्त निर्देशिका दिये गये विवरण से अधिवक्तागण को विधि व्यवसाय भी प्राप्त होगा। निर्देशिका में न्यायपालिका, सामान्य प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा अन्य आवश्यक विभागों के दूरभाष का विवरण दिया गया है जिससे अधिवक्तागण एवं जनसामान्य भी लाभान्वित होगें। इस वर्ष मेरठ बार एसोसिएशन के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस सभागार के समक्ष बने पार्क को और अधिक बढ़ाकर उक्त पार्क एवं नानक चन्द सभागार की रंगाई व पुताई कर उसका सौन्दर्यकरण कराया गया। इस वर्ष पश्चिमी उ०प्र० में हाई कोर्ट बैंच की खण्डपीठ स्थापना हेतु अधिवक्ताओं एवं आम जनता के सहयोग से विभिन्न आन्दोलन चलाये गये हैं। जिसके लिये मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूँ। मैं आशा करता हूँ कि आने वाले पदाधिकारीगण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट खण्डपीठ की स्थापना हेतु आन्दोलन को और अधिक सफल बनाने का प्रयत्न करेंगे। इस वर्ष बार एवं बैंच के बीच मधुर सम्बन्ध रहे हैं एवम् हमारे जिला जज महोदय श्री रजत सिंह जैन ने मेरठ बार एसोसिएशन को अपना पूर्ण सहयोग दिया है, जिस कारण मैं समस्त न्यापालिका एवं अपने अधिवक्ता बन्धुओं का आभार व्यक्त करता हूँ। मेरठ बार एसोसिएशन की प्रबन्ध समिति विशेष रूप से मेरठ बार के महामंत्री श्री अजय कुमार शर्मा व कोषाध्यक्ष श्री लोकेश कुमार तोमर का धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने पूरे वर्ष मुझे बड़े भाई के रूप् में सम्मान दिया तथा इस पत्रिका के प्रकाशन में प्रकाशन मंत्री रूबी सैनी का विशेष सहयोग रहा है एवम् प्रबन्ध समिति के समस्त सदस्यों ने भी अधिवक्तागण एवं एसोसिएशन के हितों के लिये समय-समय पर अपना पूर्ण सहयोग दिया जिसके लिये मैं पूरी प्रबन्ध समिति को धन्यवाद देता हूँ। मैं मेरठ बार एसोसिएशन के समस्त कर्मचारियों का भी आभार प्रकट करता हूँ जिन्होंने मेरे कार्यकाल में अपना भरपूर सहयोग दिया है। अन्त में मेरठ बार एसोसिएशन के समस्त अधिवक्तागण को इस दूरभाष निर्देशिका के प्रकाशन की हार्दिक शुभकामनाऐं देता हूँ।(संजय शर्मा )
अध्यक्ष
मेरठ बार एसोशिएशन, मेरठ